मालिक के बाद अब मुकुट महल होटल कार्रवाई के घेरे में
मेरठ। कुख्यात बदन सिंह बद्दो की फरारी के मामले में होटल मुकुट महल के मालिक की गिरफ्तारी के बाद अब होटल पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। एमडीए व फायर ब्रिगेड की टीम सोमवार को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस के साथ होटल पहुंची। होटल की जमीन की पैमाइश करके दस्तावेज भी देखे गए। होटल की बिल्डिंग मानकों के अनुसार बनी हुई है या फिर कुछ खामियां हैं, इन बिंदुओं पर भी जांच शुरू हो गई है।
सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी सोमवार को एमडीए, फायर ब्रिगेड और आबकारी विभाग के अधिकारियों से मिले। बद्दो की फरारी के बाद तीनों विभागों द्वारा मुकुट महल होटल की जांच कराई गई थी। लेकिन सवा साल बीतने के बाद भी तीनों विभागों की जांच रिपोर्ट नहीं आई। होटल मालिक मुकेश गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोबारा से मुकुट महल होटल की जांच पड़ताल कराने में जुट गई है। होटल की बिल्डिंग मानकों के अनुसार बनी है या नहीं, इसकी एमडीए और फायर ब्रिगेड के अलावा आबकारी विभाग ने जांच रिपोर्ट दबा दी थी। अब सीओ ब्रह्मपुरी ने दोबारा से इसकी जांच कराने की बात कही। जिस पर सोमवार को एमडीए और फायर ब्रिगेड की टीम होटल में पहुंची।
सीओ ब्रह्मपुरी ने कहा कि तीनों विभागों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। होटल मानकों के आधार पर बना हुआ है या नहीं, सभी नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इन सब की जांच होगी।
पहले भी लगी थी सील
बद्दो की फरारी के बाद पुलिस ने मुकुट महल में सील लगा दी थी। इस मामले में पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। अब पुलिस ने फिर से होटल पर कार्रवाई करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।