मेरठ। टीपी नगर क्षेत्र के इस्लामनगर में सोमवार दोपहर टायर के गोदाम में आग लगने के मामले में पुलिस ने मालिक को नोटिस भेजा है। बिना अनुमति गोदाम को फिर से संचालित नहीं किया जा सकेगा। गोदाम आबादी के बीच बिना एनओसी के स्थापित था। आग बुझाने के कोई इंतजाम नहीं थे और बिजली चोरी की इस्तेमाल हो रही थी।
मलियाना चौकी क्षेत्र के इस्लामनगर में सुल्तान का टायर का गोदाम था। करीब 20 वर्ष से यहां पुराने टायरों पर रबड़ चढ़ाने का काम किया जा रहा था।यहां रोजाना करीब 12 कर्मचारी काम करते थे। सोमवार को ईद के चलते गोदाम बंद था। दोपहर के समय अचानक गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। धुआं देखकर लोगों ने मालिक को जानकारी दी। कुछ ही देर में आग की लपटें तेजी से आसमान को छूने लगी। स्थानीय लोगों ने पानी व मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया था, लेकिन आग बेकाबू होती चली गई। थाना पुलिस ने भीषण आग को देखते हुए आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आबादी के बीच बिना एनओसी गोदाम संचालित करने पर मालिक को नोटिस भेजा गया है। दोबारा से बिना अनुमति गोदाम संचालित करने पर कार्रवाई की जाएगी।