दो पक्षों में विवाद के बाद पलायन के पोस्टर चस्पा
मेरठ। कोतवाली में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने अपने घरों के बाहर पलायन के पोस्टर चस्पा कर दिए। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर पोस्टर हटवाए। मामले की जांच की जा रही है।
खत्ता रोड शाहपीर गेट पर सोमवार रात डीजे बजाने को लेकर दानिश और उसके चाचा अय्या का जामिन के साथ विवाद हो गया था। पुलिस ने दानिश पक्ष का शांतिभंग में चालान कर दिया था। दानिश के चाचा अय्या ने बताया कि डीजे का कोई विवाद नहीं था। एक मकान को लेकर जामिन के साथ विवाद हुआ था। मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के बाद भी जामिन पक्ष मकान पर कब्जा करना चाहता है। उधर, मंगलवार को जामिन, मेहराजूद्दीन, हाजी चांद, जावेद, अफजल, नाजिम व अन्य ने अपने घरों पर पलायन के पोस्टर चस्पा कर दिए। उनका कहना था कि दूसरे पक्ष के लोग नशे की हालत में हंगामा करते हैं। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि दो दिन से विवाद चला आ रहा है। पोस्टर लगाए जाने की सूचना पर पुलिस गई थी। लोगों को समझाने पर पोस्टर हटा लिए गए हैं।