हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव लतीफपुर में स्थित प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्र पर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद मौके पर एक नोट छोड़ दिया। इसमें उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा कि वह पढ़े-लिखे चोर हैं।
गांव लतीफपुर में मौजूद पीएचसी चोरों के निशाने पर है। छह महीने के दौरान यहां पर दो बार चोरी हो चुकी है। शुक्रवार की देर चोर रात दूसरी बार चोरी की वारदात की। चोरों ने कंप्यूटर और अन्य कीमती उपकरणों को चोरी कर लिया। साथ ही प्रिंटर के साथ छेड़छाड़ कर उसे तोड़ दिया। दीवार तोड़कर चोरी करने घुसे आरोपियों ने पीएचसी की मरीज पर्ची संख्या 7325 पर एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने अभद्र भाषा और गाली गलौज का प्रयोग किया। इसके आगे लिखा कि वह पढ़े लिखे चोर हैं, जल्दी से पकड़ में नहीं आएंगे। शनिवार को पीएचसी प्रभारी डॉ. पवन कुमार ने थाने पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। मामला थाना प्रभारी तक पहुंचा तो आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम बनाकर पकड़ने के निर्देश दिए गए।