वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) एक जुलाई से लागू हो चुका है। लेकिन लुभावने ऑफरों के बावजूद बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। छोटे से लेकर बड़े बाजार अभी जीएसटी के स्वरूप को लेकर तैयार नहीं हुए हैं। कई आइटम ऐसे हैं, जिनकी खरीद पर आकर्षक छूट मिल रही है। लेकिन ग्राहक भी इस नए टैक्स के बारे में प्रॉपर जानकारी न मिलने पर खरीदारी को लेकर आशंकित हैं।
जीएसटी लागू हुए तीन दिन हो चुके हैं। ऐसे में शॉपिंग मॉल्स में सभी ब्रांडेड कपड़ों और कॉस्मेटिक की खरीदारी पर अच्छी छूट मिल रही है। अधिकांश बाजारों में प्री जीएसटी छूट ऑफरों के खत्म होने के बाद शॉपिंग मॉल्स में पोस्ट जीएसटी ऑफर चल रहे हैं। हालांकि बाजार में चुनिंदा सामानों पर अभी भी छूट जारी है। इसमें कपड़े और कॉस्मेटिक आइटम प्रमुख रूप से हैं। फै शन बिगबाजार, पैंटालून, लिवाइस, वुडलैंड, जारा फैशन वॉक, बीबा, रंगमंच, शॉपर्स स्टॉप, वॉन हुसैन, यूनाइटेड कलर ऑफ बैनेटन, एलिन सोली, जेड प्लस पर छूट है। वोयला ज्वैलरी की खरीद पर भी अच्छी छूट जीएसटी के बाद भी दी जा रही है।
ग्राहकों को आकर्षित करने का फंडा
जीएसटी लागू होने के बाद बाजार से ग्राहक एकदम गायब है। दुकानदार खाली बैठे हैं। इसलिए ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनियों ने यह फंडा अपनाया है। कई शोरूम ऐसे हैं जिनके यहां एक जुलाई के बाद एक भी ग्राहक नहीं पहुंचा तो अधिकांश दुकानदार ऐसे हैं, जिनकी एक पैसे की कमाई तक नहीं हुई है। इसलिए कंपनियां पुराना माल निकालने के लिए पोस्ट जीएसटी ऑफर दे रही हैं।
लगभग सभी कंपनियां दे रहीं छूट
कपड़ों के सभी नामचीन ब्रांड्स पर इन दिनों छूट चल रही है। कंपनियां कपड़ों की खरीद पर एक के साथ एक मुफ्त, तीन खरीदो दो मुफ्त ले जाओ जैसे ऑफर दे रही हैं। वहीं 10 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक कीमतों में छूट मिल रही हैं। सभी नामचीन कंपनियों की ओर से छूट के कई ऑफर ग्राहकों को लुभाने के लिए चल रहे हैं।