सरूरपुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में सोमवार की सुबह विवाहिता पंखे से लटकी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष के लोगों ने किसी कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
खतौली निवासी तरन्नुम उर्फ मुस्कुराना (27) की शादी तीन साल पहले कस्बा हर्रा निवासी राकिब के साथ हुई थी। पुलिस ने बताया कि शनिवार को विवाहिता के मायके में शादी समारोह का कार्यक्रम था। इस बीच वहां राकिब और मुस्कुराना में किसी बात पर विवाद हो गया था। परिजनों के समझाने पर वह पति के साथ ससुराल आ गई। रविवार देर रात उसने पंखे पर दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सोमवार की सुबह जब उसने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों ने खिड़की से देखा, वह पंखे पर लटकी मिली। परिजनों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा दो साल व छोटी बेटी तीन माह की है।
थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि पति से किसी बात पर नाराज होकर विवाहिता ने फांसी लगाई है। विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों ने किसी कार्रवाई से इन्कार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।