सरधना। दौराला मार्ग पर मंगलवार को सड़क हादसे में युवक को बचाने के प्रयास में बाइक सवार अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर मदद न करने का आरोप लगाए जाने से मामला तूल पकड़ गया है। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है।
चौकी चमारान मोहल्ला निवासी अधिवक्ता डॉ. रविंद्र सिंह मंगलवार को अपनी बाइक से दौराला गंगनहर पुल की ओर किसी कार्य से गए थे। लौटते समय वह दौराला मार्ग स्थित धर्मकांटे के पास पहुंचे तो सड़क पर अचानक एक युवक खड़ा दिखाई दिया। युवक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में अधिवक्ता के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय पास ही पुलिस की गाड़ी मौजूद थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घायल की मदद करने के बजाय मौके से निकलना उचित समझा। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता ने किसी तरह परिजनों को कॉल कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिजनों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस सहायता करती तो घायल को तुरंत उपचार मिल सकता था। परिजनों ने मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।