गिरफ्तार अधिवक्ता को थाने से मुचलके पर मिली जमानत, पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने को भेजी गई रिपोर्ट
संवाद समाचार एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एल-ब्लॉक निवासी अधिवक्ता संजय अग्रवाल की लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग के दौरान एक गोली उत्तराखंड के काशीपुर निवासी सिपाही गौरव शर्मा के पैर में लग गई। गोली लगने से सिपाही घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिवक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे मुचलके पर जमानत दे दी गई।
अधिवक्ता संजय और वहां मौजूद एक अन्य सिपाही जसविंदर ने घायल जवान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने अधिवक्ता की साथी सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने अधिवक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लाइसेंसी पिस्टल को जब्त कर ली है।
सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल ने बताया कि उत्तराखंड के काशीपुर निवासी गौरव शर्मा वर्ष 2016 बैच के आरक्षी हैं। मौजूदा समय अभिषेक अमरोहा से डेपुटेशन पर मेरठ के बिक्री कर विभाग में तैनात हैं। बुधवार रात करीब 11 बजे सिपाही अपने साथी जसविंदर व चालक विवेक के साथ एल-ब्लॉक में प्रेम अस्पताल के पास मोहित के अंडे के ठेले पर एग रोल खा रहे थे। इसी दौरान वहां कुछ मंगलमुखी पहुंच गए और शोर-शराबा करने लगे। मंगलमुखी काफी देर तक सड़क पर हंगामा करता रहा। इस दौरान ठेला संचालक ने अधिवक्ता संजय अग्रवाल को सूचना दी। अधिवक्ता लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने हवाई फायरिंग कर दी। पहला फायर होते ही वहां भगदड़ मच गई और मंगलमुखी मौके से भाग गए। इसके बाद पिस्टल की चेंबर में फंसी दूसरी गोली अचानक चल गई। गोली वहां खड़े सिपाही गौरव शर्मा के बाएं पैर में लगी। गोली लगते ही सिपाही जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद सिपाही को पास के ही संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी मिलने के बाद लोहियानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिवक्ता को लेकर थाने गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई। सीओ कोतवाली ने बताया कि अधिवक्ता की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। अधिवक्ता को नोटिस पर जमानत दे दी गई है।