मवाना। क्वारंटीन किए गए लोग 18वें दिन बृहस्पतिवार को घर जाने की अनुमति पाकर खुश हैं। उन्होंने पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था की तारीफ की तथा उनका शुक्रिया किया।
नगर पालिका चेयरमैन अय्यूब कालिया से क्वारंटीन पूरा होने के बाद घर जाने से पहले बात की गई। उनका कहना है कि प्रशासन एवं चिकित्सकों का बहुत सहयोग रहा। हम भी लोगों को समझाते रहे। सभी लोग खुश हैं, किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। शहरकाजी मौलाना नफीस अहमद का कहना था कि प्रशासन ने बहुत सहयोग किया। चार लोगों की ड्यूटी लगाई हुई थी। जिससे यहां से कोई बाहर न निकले। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन हुए लोगों का पूरा ध्यान रखा। सभी के लिए दुआ की गई। वहीं, सरताज का कहना है कि उन्हें भरपूर सहयोग मिला। किसी प्रकार की समस्या नहीं आई। जैसा कहा गया उन सभी नियमों का पालन किया।