दाखिले के लिए पंजीकरण का आज अंतिम मौका, तिथि बढ़ने की उम्मीद कम
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) कैंपस और संबद्ध कॉलेजों में तीन और पांच वर्षीय लॉ पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण का मंगलवार को आखिरी दिन है। बीए-एलएलबी, बीकॉम-एलएलबी और तीन वर्षीय एलएलबी में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी मंगलवार तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की संभावना कम है। हालांकि अंतिम तिथि को लेकर विश्वविद्यालय मंगलवार को निर्णय लेगा।
कैंपस और संबद्ध कॉलेजों में तीन एवं पांच वर्षीय लॉ पाठ्यक्रमों में 30 हजार से अधिक सीटें हैं। पांच वर्षीय लॉ पाठ्यक्रम बीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी केवल सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में संचालित हैं। तीन वर्षीय एलएलबी के लिए एडेड और सेल्फ फाइनेंस दोनों कॉलेजों में प्रवेश का विकल्प उपलब्ध है। तीन वर्षीय एलएलबी के लिए एडेड कॉलेजों में सीटों की संख्या सीमित है। सीसीएसयू से संबद्ध प्रमुख एडेड कॉलेजों में मेरठ कॉलेज, एनएएस कॉलेज मेरठ, एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद और एनआरईसी कॉलेज खुर्जा शामिल हैं। इन कॉलेजों में सीटें कम होने के कारण प्रवेश के लिए कटऑफ अधिक रहने की उम्मीद है।
एडेड कॉलेजों में फीस कम
एडेड कॉलेजों में संचालित एलएलबी पाठ्यक्रम की फीस सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की तुलना में काफी कम है। यही वजह है कि एडेड कॉलेजों में एलएलबी में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों के बीच अधिक प्रतिस्पर्धा रहती है। पंजीकरण की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण पूरा करने को कहा है।