रोहटा। गणेश चतुर्दशी पर्व पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पूठखास स्थित गंगनहर पुल को संवेदनशील स्थल मानते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संभावित भीड़ और हादसों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पुल पर बैरिकेडिंग कर दी है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित ढंग से विसर्जन कर सकें।
गंगनहर में जलस्तर को एहतियातन कम कर दिया गया है ताकि श्रद्धालु गहराई में न जाएं और किसी प्रकार की अनहोनी को टाला जा सके। पुलिस, पीएसी और होमगार्ड के जवानों की मौके पर तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के जरिये भीड़ पर निगरानी रखी जा रही है। थाना प्रभारी ने गंगनहर पुल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।