बिजनौर मेडिकल अस्पताल में निरीक्षण करती एडीएम न्यायिक अंशिका दीक्षित। स्रोत विभाग
बिजनौर। मेडिकल अस्पताल में बुधवार को एडीएम न्यायिक अंशिका दीक्षित ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में चल रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही मौका मुआयना कर कार्यदायी संस्था को कमियों काे जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
मेडिकल अस्पताल में दो दिन पहले आरटीपीसीआर लैब में सीलिंग टूट कर गिर गई थी। जिससे छत में भी दरार आ गई। जिसके चलते शुक्रवार को एडीएम न्यायिक ने निरीक्षण किया। उन्होंने टूटी सीलिंग, अस्पताल परिसर में बंद पड़े नाले की समस्या के बारे में नोट किया। साथ ही पोस्टमार्टम हाउस के पास बन रहे ईटीपी प्लांट का भी निरीक्षण किया। प्लांट के निर्माण के दौरान वहां लगा बिजली का पोल टूट गया है। जिसके गिरने का खतरा बना हुआ है।
इसके अलावा प्लांट निर्माण के लिए हो रही खोदाई से पास में ही बनी पानी की टंकी को भी नुकसान हो सकता है। साथ ही आंखों की ओटी के बाहर सड़क गहरी हो गई है। जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या होती है। ऐसे में उन्होंने कार्यदायी संस्था को सड़क निर्माण कराने, छत सही कराने, प्लांट का निर्माण जल्द करने, नालों को ठीक कराने के लिए कहा। निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। इस मौके पर मेडिकल कालेज प्राचार्या डाॅ. उर्मिला कार्या, सीएमएस डाॅ. मनोज सेन, मैनेजर रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।