अपराध की दुनिया में सबसे पहला कदम आदित्य राणा ने 11 दिसंबर 2013 में अपने साथी के कहने पर क्षेत्र के गांव कासमाबाद निवासी युवक धर्मवीर की हत्या कर रखा था। आदित्य स्योहारा क्षेत्र में सुर्ख़ियों तब आया जब पुलिस मुखबिर के शक में 14 अक्तूबर 2017 को मुकेश पुत्र नत्थू सिंह की गांव के पास ही गोली मार कर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद पुलिस ने आदित्य को काफी तलाश किया, लेकिन वह पुलिस को चकमा देता रहा। उसने 10 जनवरी 2018 को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। मृतक मुकेश के परिजन अभी मुकेश हत्याकांड को भुला भी नहीं पाए थे कि आदित्य ने मुकेश हत्याकांड की पैरवी कर रहे उसके छोटे भाई राकेश की 27 सितंबर 2018 की शाम को गांव से मात्र तीन सौ मीटर दूरी पर स्थित गांव बेरखेड़ा में ताबड़तोड़ गोली बरसा कर हत्या कर दी थी। राकेश की पत्नी ममतेश की तहरीर पर आदित्य सहित सात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।