शनिवार को बैंक बंद होने के कारण लोगाें को भारी परेशानी का समान करना पड़ा। वहीं अधिकतर एटीएम बंद ही रहे। जो चले वहां भारी भीड़ रही। इस दौरान कई बार हंगामा भी हुआ। आरबीआई से कैश न मिलने के कारण अभी कई दिन और जनता को यह परेशानी झेलनी होगी।
शनिवार को बैंक बंद होने की सूचना मिलने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि एटीएम से कैश निकाल सकेंगे। बावजूद इसके अधिकतर एटीएम में कैश डाला ही नहीं गया। काफी एटीएम ऐसे रहे जिनके शटर उठे ही नहीं। कुछ एटीएम तो खुले रहे पर उनमें कोई पैसा नहीं था। निराश होकर लोग वहां से लौट रहे थे। उधर, कुछ स्थानों पर एटीएम चले तो वहां लंबी लंबी कतारें लग गईं। दिल्ली रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला एटीएम पर कई बार हंगामा हुआ। यही हाल इंदिरा चौक के पास यूनियन बैंक केएटीएम का भी रहा।
आज भी होगी परेशानी
रविवार को भी बैंक बंद रहेंगे। वहीं एटीएम और ज्यादा सूने रहेंगे। ऐसे में लोगों को आज भी परेशान होगी। अहम बात यह है कि बैंक एटीएम में पैसे डालने का दावा तो करते हैं पर उनमें रकम डाल नहीं पा रहे हैं। दरअसल बैंकों में कैश है नहीं और आरबीआई से कैश आ नहीं रहा है।
कल बैंकों पर मचेगी मारामारी
दो दिन बैंक बंद होने के बाद सोमवार को बैंकों से पैसा निकालने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे। ऐसे में बैंकों को अतिरिक्त इंतजाम करने होंगे। अहम सवाल यह है कि सोमवार तक क्या कैश बैंकों में आ जाएगा। यदि इसका उचित प्रबंध नहीं हुआ फिर हंगामा होने के आसार पैदा हो जाएंगे।