शहर की टूटी सड़कोें की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। अधिकतर सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। नगर निगम, पीडब्लूडी, एमडीए, आवास विकास द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में भले ही लाखों रुपये खर्च कर सभी सड़कों को दुरुस्त करना दर्शाया गया हो, लेकिन धरातल पर हालात कुछ अलग है। ऐसा ही हाल जलीकोठी से खैरनगर चौराहा और बच्चा पार्क तक का है।
अमर उजाला की टीम ने सोमवार को जलीकोठी से खैरनगर चौराहा और फिर बच्चा पार्क तक मार्ग का दौरा किया। सड़क पर गड्ढों की भरमार मिली। इसके अलावा वैली बाजार चौराहा से खैरनगर मार्ग की हालत भी खस्ता हो चुकी है। शिकायतों के बाद भी निगम ने अभी तक समाधान नहीं किया। आने जाने में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खैरनगर में थोक और फुटकर दवा बाजार है, जहां मेरठ मंडल से लोग दवाइयां खरीदने आते हैं। मेरठ केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण रोज यहां जाम लगता है। उन्होंने 30 जनवरी को इस संबंध में नगरायुक्त को ज्ञापन सौंपकर टाइल्स की जगह पक्की सड़क बनवाने की मांग की थी। नगरायुक्त ने इस संबंध में निगम के चीफ इंजीनियर को निर्देश भी जारी कर दिए थे, लेकिन अभी तक सड़क नहीं बनी। इसके अलावा कांग्रेस नेता मनजीत सिंह कोछड़, शहर कांग्रेस के प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा और उपाध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद के अनुसार वे भी इस संबंध में मंडलायुक्त और नगरायुक्त से सड़क की हालत सुधारने की मांग कर चुके हैं। व्यापारी गुड्डू, नरेश चंद गुप्ता, अरुण शर्मा, सुशील गर्ग आदि का कहना है कि उन्होंने मंडलायुक्त से मांग की है कि इस मार्ग का निर्माण कराकर जनता को इस समस्या से मुक्ति दिलाएं।
जल्द निकाले जाएंगे टेंडर
जली कोठी से खैरनगर चौराहा बच्चा पार्क तक सड़क को गड्ढामुक्त कराने और खैरनगर दवा बाजार की सड़क बनाने का एस्टीमेट बनकर तैयार है। जल्द टेंडर निकाले जाएंगे। शीघ्र ही सड़क गड्ढामुक्त होंगी। -कुलभूषण वार्ष्णेय, चीफ इंजीनियर नगर निगम