रोहटा। मीरपुर गांव में एक माह पूर्व ब्यूटी पार्लर की आड़ में गर्भपात केंद्र चलाने वाली एएनएम के यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा था। झोलाछाप मौके से फरार हो गई थी। शुक्रवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी जांच टीम के साथ केंद्र पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने मामले की रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपने की बात कही।
करीब एक माह पूर्व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने टीम के साथ शिकायत पर उक्त ब्यूटी पार्लर पर छापा मारा था। मौके पर गर्भपात केंद्र चलता मिला था। टीम ने मौके से उपकरण भी बरामद किए थे। वहीं आरोपी झोलाछाप मौके से फरार हो गई थी। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने जांच रिपोर्ट सीएमओ को सौंपते हुए कार्रवाई की संस्तुति की थी। जांच में पता चला था कि ब्यूटी पार्लर संचालिका अपनी बहन के नाम पर सरूरपुर ब्लॉक में एएनएम के पद पर नौकरी कर रही है। जिसे लेकर मामले की जांच की जा रही थी। लेकिन अब एक माह बाद भी मामले में कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके शर्मा केंद्र पर पहुंचे और जांच की। आरोप लगाए जा रहे हैं कि विभाग के कुछ लोग आरोपी संचालिका को बचाने में लगे हुए हैं।