नौचंदी थाना क्षेत्र में शास्त्रीनगर के ब्लॉक के पास मंगलवार को एक्टिवा सवार एक युवक ने 12वीं की छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। छात्रा के विरोध करने के बाद आरोपी एक्टिवा रोककर जबरन मोबाइल नंबर मांगने लगा। पीड़िता के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। बाद में माफी मांगने पर छोड़ दिया गया। यह छात्रा दोपहर को आरटीओ रोड से के ब्लॉक की तरफ जा रही थी। इस बीच एक्टिवा सवार युवक छात्रा का पीछा करने लगा। कुछ दूरी पर आरोपी युवक ने एक्विटा रोकी और छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। छात्रा का शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। जैसे ही युवक एक्टिवा से भागने लगा तो भीड़ ने पकड़ लिया और पिटाई करनी शुरू कर दी। छात्रा ने भी मनचले की चप्पल से पिटाई कर दी। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। आरोपी युवक ने अपने को पीवीएस रोड स्थित शास्त्रीनगर का बताया। इंस्पेक्टर नौचंदी एसके राणा का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
लालकुर्ती पैठ में महिला से छेड़छाड़, मारपीट
कंकरखेड़ा निवासी महिला मंगलवार दोपहर लालकुर्ती पैठ में सामान खरीदने आई थी। आरोप है दो युवकों ने महिला से छेड़छाड़ कर दी। महिला ने विरोध किया तो आरोपी उठाकर ले जाने की धमकी देने लगे। आरोपियों का दुस्साहस देखकर लोगों की भीड़ लगने लगी। लोगों ने एक आरोपी पकड़ा, जबकि दूसरा फरार हो गया। आरोपी की धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि महिला ने तहरीर नहीं दी। आरोपी की निशानदेही पर दूसरे युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अपनी तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली है।