संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना परिसर में आगामी ईद-उल-अजहा के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सरधना आशुतोष कुमार ने की।
सीओ आशुतोष कुमार ने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा पर खुले में कुर्बानी न करें और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से पूरी तरह बचें। कुर्बानी के अवशेष खुले स्थानों या सार्वजनिक जगहों पर न डालें बल्कि उन्हें निर्धारित स्थानों पर ही निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। बैठक में कस्बा खिवाई, हर्रा, करनावल, गांव पांचाली बुजुर्ग, जसड़ सुल्ताननगर, मैनापूठी, जैनपुर, दुर्जनपुर समेत अन्य गांवों के लोग मौजूद रहे।