संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना रोहटा क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में दर्ज दुष्कर्म के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उनका चालान कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उसका सहपाठी के साथ बातचीत करते समय आरोपी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया था। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने देर रात आरोपी विक्की को गांव के बाहरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने हुसैन निवासी जेई, थाना भावनपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ होटल में दुष्कर्म करने का आरोप है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।