एसडीएम के आदेश के बाद राजस्व विभाग ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। ग्राम पंचायत सादुल्लापुर उर्फ चंदपुरा में खसरा संख्या 373, 379, 380 व 381 रकबा करीब एक हेक्टर पर तालाब दर्ज है। कई वर्ष पहले ग्रामीणों ने तालाब का करीब 50 प्रतिशत हिस्से पर अतिक्रमण कर उसे पर मकान बना लिए। अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
ग्राम प्रधान आरती ने एसडीएम से शिकात कर तालाब को कब्जा मुक्त करने की मांग की थी। एसडीएम के आदेश के बाद राजस्व विभाग ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-67 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। 11 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इन मामलों में छह प्रकरण तहसीलदार न्यायालय तथा पांच प्रकरण अपर तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन हैं।
ग्राम लेखपाल उमेश के अनुसार, राजस्व सभी संबंधित पक्षों को न्यायालय में अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। न्यायालय के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी 11 मामलों की सुनवाई संबंधित राजस्व न्यायालयों में लंबित है। प्रशासन का कहना है कि ग्राम समाज और सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्रामीणों ने तालाब की भूमि पर कब्जा कर अवैध रूप से मकान बना लिए हैं। अब तालाब ओवरफ्लो हो रहा है तथा गांव का पानी आसपास के किसानों की फसलों में भर रहा है।
-