सरधना। बस स्टैंड से तहसील रोड की ओर जा रही युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने रास्ते में युवती को गुलाब का फूल देकर परेशान किया और पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गए। युवती के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को युवती बस स्टैंड से तहसील रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान चार युवक उसके पीछे लग गए। आरोप है कि युवकों ने रास्ते में उसे गुलाब का फूल देकर अभद्रता की। युवती ने उनकी हरकतों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन युवक पीछा करते हुए उसके मोहल्ले तक पहुंच गए। घर के पास भी युवकों की हरकतें जारी रहने पर युवती ने शोर मचा दिया।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवकों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान तीन युवक लोगों के हत्थे चढ़ गए, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों युवकों को हिरासत में लेकर बस स्टैंड पुलिस चौकी पहुंची। परिजनों ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-