पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किठौर थाना क्षेत्र के भटीपुरा निवासी किसान विकास कुमार गुप्ता से आरोपी हसनपुर कदीम निवासी आनंद, दीपांशु व गर्वित ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर आरोपियों ने पीड़ित व उसके परिवार को जाने से मारने की धमकी दी थी। बुधवार को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस व स्कूटी बरामद की। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
भटीपुरा गांव निवासी विकास कुमार गुप्ता ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि वह किसान है। 16 नवंबर की रात उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। आरोपियों ने उससे 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोपियों ने रंगदारी मांगने के लिए मेडिकल के सोमदत्त निवासी महिला नेहा से मोबाइल लूटा था।
पीड़ित ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में लग गई थी। आरोपियों ने रंगदारी मांगने के लिए किसान के घर पर धमकी भरा पत्र भी भेजा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई थी।
बुधवार को रिंग रोड पर जागृति विहार एक्सटेंशन पुलिया के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काली नदी रिंग रोड की ओर से स्कूटी पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई।
इस दौरान दो आरोपी फरार हो गए, जबकि आनंद उर्फ लकड़ू ने पुलिस टीम पर तमंचे से गोली चला दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कंबिंग के बाद पुलिस ने दीपांशु व गर्वित को भी पकड़ लिया। पुलिस आरोपियों को लेकर थाने आ गई। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
-