मेरठ। टीपी नगर निवासी अनामिका ने ससुराल वालों पर दहेज न मिलने पर मारपीट, चलती कार से फेंकने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
अनामिका ने बताया कि उसकी शादी 2024 में मुजफ्फरनगर निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते रहे। पति शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था। पूर्व में पंचायत भी हो चुकी थी, लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। आरोप है कि 10 अक्तूबर को ससुराल वालों ने उसे पीटकर बेहोश कर दिया और कार में बैठाकर भोला रोड ले गए। वहां पति, जेठ और देवर ने चलती कार से फेंक दिया। इसी दौरान देवर ने तमंचे से फायर भी किया, जिससे वह बाल-बाल बच गई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।