संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम की डबल स्टोरी निवासी महिला पर उसके पति ने हथौड़े और कैंची से हमला कर घायल कर दिया। पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के पिता ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पल्लवपुरम थाने में दर्ज प्राथमिकी में सठेडी थाना रतनपुरी मुजफ्फरनगर निवासी सत्यवीर ने बताया कि उसकी बेटी मोनिका की शादी संजय निवासी डबल स्टोरी से हुई है। बेटी के तीन बच्चे है। बताया कि 22 अगस्त को उसके पास फोन आया कि संजय ने मोनिका के साथ मारपीट की। आरोप है कि संजय ने मोनिका के सिर पर हथौड़े और कैंची से तीन-चार बार वार किए। गंभीर रूप से घायल मोनिका को सीएचसी दौराला ले जाया गया। वहां से उसे प्यारेलाल जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।