महिला की गला दबाकर हत्या करने का आरोप
- मृतका के भाई ने ससुरालियों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। क्षेत्र के गांव धनतला में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालियों ने रात में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना पाकर शनिवार को खरखौदा थाने पहुंचे मायका पक्ष ने ससुरालियों पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार रात क्षेत्र के गांव धनतला में कविता (42) पत्नी दिनेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने महिला के शव का रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया। शनिवार सुबह सूचना पाकर मृतका का भाई राजवीर निवासी खड़खड़ी ग्रामीणों के साथ गांव धनतला पहुंचा। मायके पक्ष का कहना है कि कविता का विवाह 22 वर्ष पूर्व दिनेश पुत्र गिरधर के साथ हुआ था। दिनेश होमगार्ड में दरोगा है तथा शराब पीने का आदी है। शराब पीने को लेकर आए दिन कविता से उसका विवाद होता था।
शुक्रवार रात करीब 11 बजे गृह क्लेश के कारण ही कविता के पति दिनेश, देवर राजेश व जितेंद्र, ससुर गिरधर व सास सभी ने मिलकर कविता की गला दबाकर हत्या कर दी तथा साक्ष्य छिपाने के लिए शव का रात में ही अंतिम संस्कार भी कर दिया। मृतका के भाई ने सभी को नामजद करते हुए हत्या का आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।