हस्तिनापुर। क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को शिक्षामित्र ने पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म किया था। लोगों ने घटना को लेकर काफी हंगामा किया था। बुधवार को थाना पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा दिया।
मवाना थाना के खेड़की जदीद निवासी सचिन पुत्र कमल सिंह हस्तिनापुर क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र था। मंगलवार को आरोपी ने पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म किया था। इससे गुस्साई भीड़ ने आरोपी के साथ मारपीट की थी। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची के पिता ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को आरोपी शिक्षामित्र सचिन को जेल भेज दिया है। उधर, दुष्कर्म की घटना के बाद खंड शिक्षा अधिकारी ध्यानचंद ने बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय की स्कूल प्रबंधन कमेटी के साथ एक बैठक की गई। इसमें घटना के वक्त स्कूल में मौजूद अन्य शिक्षक और शिक्षिकाओं पर भी कार्रवाई के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मांग की गई है। उन्होंने कहा कि अन्य शिक्षकों के होते हुए प्राथमिक विद्यालय में इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई।