सभासद पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
खरखौदा। थाना क्षेत्र निवासी महिला ने नगर पंचायत सदस्य पर दुष्कर्म और कोर्ट मैरिज के बाद उसे उसका हक नहीं देने का आरोप लगाया है।
महिला ने बताया कि पति के तलाक के बाद वह अपने 12 साल के बेटे के साथ मायके में रहती है। एक माह पहले महिला ने आरोप लगाया था कि गांव में ही दांतों का क्लीनिक चला रहे चिकित्सक (सभासद) ने उसे प्रेम जाल मेें फंसा लिया था। शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म भी किया। बाद में कोर्ट मैरिज कर ली। तीन वर्ष तक दुष्कर्म और कई बार उसका गर्भपात भी कराया। पीड़िता ने इस मामले की पूर्व में एसएसपी से शिकायत की थी। शुक्रवार को महिला चिकित्सक के घर पहुंच गई। खुद को चिकित्सक की पत्नी बताते हुए साथ में रहने की जिद करने लगी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पीड़ित महिला ने पुलिस को शादी के प्रमाण भी दिखाए। देररात तक महिला चिकित्सक के मकान पर डटी थी।
वहीं सभासद का कहना है कि वह एक गांव में क्लीनिक चलाते थे। महिला इलाज के लिए आती थी। वह झूठे आरोप लगाकर उन्हें फंसाना चाहती है। महिला से उनका कोई लेना देना नहीं है। सीओ बृजेश कुमार का कहना है कि फिलहाल मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर आने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी जेल भेजे
सरूरपुर। थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। थाना क्षेत्र के एक गांव से कुछ दिन पूर्व किशोरी लापता हो गई थी। परिजनों ने थाने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुक्रवार सुबह किशोरी को तलाश कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। किशोरी का मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया। किशोरी ने थाने में दर्ज कराए मुकदमे में युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राहुल पुत्र ऋषिपाल और अभिषेक कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासी पांचली बुजुर्ग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया। संवाद