संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के नवाबगढ़ी गांव से एक किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने घर में घुसकर परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और किशोरी को अपने साथ ले गया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवाबगढ़ी निवासी साजिद ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय भांजी सोनी पिछले पांच दिनों से उसके घर रह रही थी। आरोप है कि बुधवार देर रात मेरठ निवासी समीर नाम का युवक उनके घर पहुंचा। युवक ने परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और इसके बाद किशोरी को अपने साथ ले गया। परिजनों के अनुसार सुबह होश आने पर किशोरी घर में नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी के परिजनों से संपर्क करने पर उन्होंने किशोरी के उनके पास होने की बात स्वीकार की लेकिन उसे वापस भेजने से इन्कार कर दिया। परिवार ने किशोरी के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए थाने में नामजद तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। किशोरी की तलाश की जा रही है और जल्द बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।