पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों को शांत किया, आज थाने में बुलाए दोनों पक्ष
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में कुष्ठ आश्रम के पास श्मशान की भूमि का रास्ता कब्जाने का आरोप लगाकर कुंडा के ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि यह रास्ता श्मशान घाट का है जिसे बराबर की प्रॉपर्टी का मालिक अपनी जमीन बताकर कब्जाना चाहता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया।
दिल्ली रोड पर कुष्ठ आश्रम के पास कुंडा गांव का श्मशान घाट है। इसके बराबर में मेरठ निवासी एक व्यक्ति की प्रॉपर्टी है। बुधवार सुबह वह अपने साथियों के साथ उक्त जमीन पर पहुंचे और जमीन की पैमाइश करानी शुरू कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर कुंडा गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जमीन कब्जाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। वार्ड 6 के पार्षद प्रशांत कसाना ने बताया कि पिछले 50 से अधिक वर्षों से ग्रामीण इसी रास्ते से श्मशान घाट आते जाते हैं। कुछ लोग श्मशान घाट की जमीन को कब्जाना चाहते हैं। पूर्व में भी रास्ते को लेकर विवाद भी हो चुका है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जमीन पर कब्जे का प्रयास किया गया तो वह धरना-प्रर्दशन करेंगे। इंस्पेक्टर परतापुर सतवीर सिंह अत्री ने पक्षों को थाने बुलाकर लेखपाल की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कराकर समाधान करने की बात कही। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि जमीन को लेकर दो पक्षों का विवाद है।दोनों पक्षों को बृहस्पतिवार को थाने बुलाया गया है।