हस्तिनापुर। कस्बे के एक व्यक्ति ने एसएसपी कार्यालय पर शिकायत करते हुए बताया कि कस्बे के अष्टापद मंदिर से आगे की ओर पांडवान क्षेत्र में अपनी कृषि भूमि पर चहारदीवारी के अंदर घर बनाकर निवास करते हैं, परंतु कुछ लोगों द्वारा फर्जी बैनामे के आधार पर उनके घर और खेत को कब्जाने का प्रयास किया जा रहा है।
कस्बा निवासी संतोष दास ने एसएसपी कार्यालय पर कुछ लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत करते हुए बताया कि कस्बे के पांडवान क्षेत्र में उसकी भूमि है। इस पर वह पिछले 30 साल से अधिक समय से काबिज होकर खेती कर रहा है। इसी पर वह परिवार के साथ चहारदीवारी बनाकर रहता है। लाखों रुपये की बेशकीमती भूमि को कब्जाने के उद्देश्य से हस्तिनापुर और आसपास के गांव के करीब एक दर्जन लोगों ने फर्जी व्यक्ति खड़ा कर उसकी जमीन का अवैध रूप से बैनामा करा लिया।
आरोप है कि उक्त लोगों ने 21 मई की रात करीब 2:00 बजे उसके खेत में बनी घर की चहारदीवारी को तहस-नहस कर दिया। यह लोग फर्जी बैनामा, इकरारनामा कराकर उसकी जमीन हड़प रहे हैं। उसके परिवार पर भी पूर्व में जानलेवा हमला किया जा चुका है। इनके खिलाफ हस्तिनापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों के खिलाफ कोई व्यक्ति गवाही देने को भी तैयार नहीं है। उक्त लोग उसे लगातार धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने मांग की है कि उक्त लोगों द्वारा तोड़ी गई चहारदीवारी और मुख्य गेट का निर्माण पुलिस की मौजूदगी में कराया जाए।