संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मवाना खुर्द निवासी महिला को सम्मोहित कर नकदी व जेवरात ले जाने वाले आरोपी खुर्शीद निवासी ठंडा नाला गूलर भोज थाना गदरपुर, उधमसिंह नगर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से महिला से लिए गए जेवरात व अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि 19 जनवरी को गांव मवाना खुर्द निवासी मधुसूदन त्यागी ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया था कि उसकी पत्नी प्रीति से बेहोशी की हालत में दो लोग सोने के कंगन, कानों के कुंडल, बैग में रखे तीन हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन आदि ठग ले गए थे। दोनों ठगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश में लगाई गई।
पुलिस को सूचना मिली कि दो आरोपी हस्तिनापुर नहर पुल के पास फिर से किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े थे। पुलिस ने दबिश देकर खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी गन्ने के खेत में भागने में सफल रहा। गिरफ्तार खुर्शीद के पास दो सोने के कंगन, दो सोने के टाप्स, एक एटीएम कार्ड, एक पर्स, 300 रुपये नकद व मोबाइल फोन बरामद किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी खुर्शीद पर पशु क्रूरता अधिनियम आदि के थाना किठौर, थाना सदर बाजार, सहारनपुर, थाना मोदीनगर, पिलखुवा, मवाना आदि में छह मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।