मवाना (मेरठ)। पुलिस ने रविवार आधी रात के बाद चेकिंग के दौरान हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अजीत उर्फ नीशू को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मकुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम मवाना खुर्द अंडरपास पर चेकिंग कर रही थी। मवाना की ओर से आ रहे एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। वह मेरठ-बिजनौर हाईवे की सर्विस रोड से भागने लगा। पीछा करने पर गांव निलोहा मार्ग पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गिरने के बाद उसने दोबारा पुलिस पर फायर किया। आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में वह घायल हो गया।
पकड़ा गया आरोपी अजीत उर्फ नीशू मुजफ्फरनगर के थाना जानसठ के गांव अहरौडा का निवासी है। उसके पास से एक तमंचा 315 बोर और एक कारतूस बरामद हुआ। चोरी की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी मिली। आरोपी के खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, जानलेवा हमला, लूट और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।