- ईकड़ी रोड पर वाहन से पीछा करने और रास्ता रोककर अभद्रता करने का आरोप, वाहन जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। स्कूल से स्कूटी पर घर लौट रही प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि टाटा 407 पर सवार युवक ने ईकड़ी रोड पर शिक्षिका का पीछा किया और रास्ते में अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर आरोपी ने वाहन रोककर शिक्षिका का रास्ता रोक लिया और छेड़छाड़ की। घबराई शिक्षिका ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार सरधना क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूटी से सरधना स्थित अपने घर लौट रही थीं। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ईकड़ी रोड पर टाटा 407 वाहन में सवार एक युवक उनका पीछा करने लगा। आरोप है कि युवक रास्ते में उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने वाहन आगे लगाकर उन्हें रोक लिया और उनके साथ छेड़छाड़ की। किसी तरह वहां से निकलने के बाद शिक्षिका ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। परिजनों ने आरोपी की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि शिक्षिका की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपी सद्दाम सरधना के मोहल्ला इस्लामाबाद का रहने वाला है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।