मेरठ। ब्रांड प्रोटेक्टर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम की टीम के साथ नौचंदी पुलिस ने फूलबाग कॉलोनी में आयुष स्पोर्ट्स के गोदाम पर छापा मारकर एसजी कंपनी के नकली उत्पाद पकड़े हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है। ये उत्पाद कई राज्यों में सप्लाई किया जा रहे थे। आयुष स्पोर्ट्स के मालिक आयुष पाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
ब्रांड प्रोटेक्टर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनको सूचना मिल रही थी कि आयुष स्पोर्ट्स एसजी कंपनी के बैटिंग ग्लव्स, थाई पैड, लैग गार्ड आदि नकली बना रहा है। ये उत्पाद उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में सप्लाई किया जा रहे हैं। उन्होंने एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा से मामले की शिकायत की थी। एसएसपी ने गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह और नौचंदी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। टीम का गठन कर आयुष स्पोर्ट्स छापा मारा गया। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में एसजी कंपनी के खेल उत्पाद जब्त किए गए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि यह सामान कहां बनाया जा रहा था और वह कितने समय से यह काम कर रहा था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया के माध्यम से करता था बिक्री
ब्रांड प्रोटेक्टर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आयुष पाल इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप का इस्तेमाल एसजी और अन्य ब्रांडों के डुप्लीकेट ब्रांडेड खेल के सामान का विज्ञापन और बिक्री करने के लिए कर रहा था। वह सोशल मीडिया के जरिए ऑर्डर लेकर सप्लाई करता था। दो महीने की जांच के बाद मेरठ में एसजी क्रिकेट ब्रांड के लिए इस पार्टी पर छापा मारा गया।