राजस्थान में तीन करोड़ रुपये की ठगी के मामले में राजस्थान पुलिस ने रविवार सुबह नेहरूनगर में आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों ने विरोध करते हुए हंगामा किया। सूचना पर नौचंदी पुलिस भी पहुंची। राजस्थान पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर ले गई।
सीओ सिविल लाइन संजीव देशवाल के अनुसार, नौचंदी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी पंकज पुत्र राजपाल ने राजस्थान के करोली जिले में फर्जी चिट फंड सोसायटी बनाकर 500 से ज्यादा लोगों से ठगी कर ली। बाद में ऑफिस बंद कर फरार हो गया। उसके ऑफिस की जांच में राजस्थान पुलिस को एक सिम मिला।
जांच में पता चला कि ठगी करने के बाद पंकज हैदराबाद चला गया। उसके खिलाफ करोली जिले के हिंडोन सिटी थाने में केस दर्ज किया गया। रविवार सुबह राजस्थान पुलिस व साइबर सेल की टीम ने आरोपी को पंकज को उसके घर से दबोच लिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर ले गई है। राजस्थान पुलिस ने नौचंदी थाने में आमद दर्ज कराई थी।