- दादरी स्थित किराए के मकान में छेड़छाड़ और मारपीट का लगाया आरोप, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने गांव के ही एक युवक पर दवाई लेने जाते समय बाइक पर बैठाकर दादरी स्थित किराए के मकान पर ले जाने और वहां छेड़छाड़ व मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज प्राथमिकी में महिला ने बताया कि 15 सितंबर की दोपहर वह दवाई लेने दौराला जाने के लिए रुहासा-सकौती स्टॉप पर खड़ी थी। इसी दौरान गांव निवासी अंकित बाइक लेकर वहां पहुंचा और उसे बाइक पर बैठा लिया। महिला का आरोप है कि उसने अंकित से सकौती में उतारने के लिए कहा, लेकिन उसने बाइक नहीं रोकी और उसे दादरी स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया।
आरोप लगाया कि मकान पर पहुंचने के बाद अंकित ने उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की। महिला किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर वहां से भाग आई। इसके बाद उसने दौराला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।