प्लॉट खरीदने के नाम पर ले लिए पैसे
रकम मांगने पर बच्चों के अपहरण और पत्नी पर तेजाब फेंकने की दी धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम क्षेत्र में रहने वाले चिकित्सक दंपती ने तीन लोगों पर करीब 11 लाख रुपये की बकाया धनराशि नहीं लौटाने और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पल्लवपुरम थाने पर पिता और दो पुत्रों पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, मोदीपुरम बाईपास स्थित अंसल कोर्टयार्ड निवासी डॉ विजय कुमार शर्मा और उनकी पत्नी डॉ ऋचा शर्मा पेशे से चिकित्सक हैं। उनकी मुलाकात क्षितिज चौहान, शिवम उर्फ शिवेंद्र चौहान और उनके पिता संदीप चौहान निवासी शीलकुंज से हुई थी। आरोप है कि पत्नी के मुंह बोले भाई डॉ दिव्यांशु के कहने पर रकम देने की सहमति जताई थी। तीनों ने जरूरत बताकर चिकित्सक दंपती का विश्वास जीता और उनसे धनराशि प्राप्त की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम लौटाने के लिए 15 अगस्त 2026 तक का लिखित समझौता भी किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने करीब 14 लाख 26 हजार रुपये ऑनलाइन और नकद के माध्यम से लिए थे। इनमें से लगभग 3 लाख 11 हजार 368 रुपये 15 अगस्त तक वापस कर दिए गए लेकिन 11.32 लाख रुपये की धनराशि बकाया रह गई। बकाया रकम लौटाने के लिए दिए गए तीन चेक बैंक में लगाए गए तो खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण सभी चेक बाउंस हो गए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। चिकित्सक की पत्नी को तेजाब फेंककर नुकसान पहुंचाने और बच्चों के अपहरण की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि पीड़ित दंपती की तहरीर पर पिता और पुत्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई और जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।