- पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर जांच की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहे एक युवक पर फरीदाबाद निवासी छात्र कृष्णा ठाकुर ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर 10 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया है। आरोपी छात्र को एसएसपी कार्यालय के पास लेकर पहुंचा और उसके खाते से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करा ली। इसके बाद कुछ देर में वापस आने की बात कहकर वहां से चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर छात्र को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।फरीदाबाद निवासी कृष्ण ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह हरिद्वार में पढ़ाई कर रहा है। बुधवार को वह अपनी कार से हरिद्वार से घर लौट रहा था। रास्ते में उसे पुलिस की वर्दी पहने एक युवक मिला। युवक ने उससे लिफ्ट मांगी तो उसने उसे कार में बैठा लिया। रास्ते में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। इस दौरान युवक ने उसकी नौकरी लगवाने की बात कही और उसे अपने झांसे में ले लिया।
आरोप है कि युवक उसे लेकर एसएसपी कार्यालय के पास पहुंचा। यहां नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 10 हजार रुपये अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद आरोपी कुछ देर में वापस आने की बात कहकर वहां से चला गया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब युवक वापस नहीं लौटा तो छात्र को शक हुआ। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
-