- आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी सरताज अहमद ने तीन वर्ष पूर्व एक मकान खरीदा था। मगर तीन वर्ष बाद भी आरोपी आजाद चौहान ने उसके मकान का बैनामा नहीं किया है। आरोप है कि आरोपी ने उसका मकान एक अन्य आरोपी को 13 लाख में बेच दिया। पीड़ित ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली।
सद्दीकनगर निवासी सरताज अहमद ने लिसाडी गेट थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उन्होंने आरोपी आजाद चौहान से 50 गज का एक मकान 8.90 लाख रुपये में खरीदा था। आरोप है कि उन्होंने सौदे के तहत 1.50 लाख रुपये नकद और 7 लाख रुपये ऑनलाइन भुगतान किया था। पीड़ित तीन साल से आरोपी से मकान का बैनामा कराने के लिए कह रहा था। आरोपी बैनामे के नाम पर टालमटोल करता आ रहा था। आरोप है कि कुछ दिन आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति को मकान बेच दिया है। पीड़ित ने संबंध में आरोपी से बात की। इस पर आरोपी ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी गई है।