संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। मवीमीरा गांव निवासी कपिल ने डीजे सेट किराये पर देने के बाद भुगतान न मिलने और रुपये मांगने पर धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर सुरक्षा और किराया राशि दिलाने की गुहार लगाई है।कपिल ने तहरीर में बताया कि वह डीजे सेट किराये पर देकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। करीब एक वर्ष पहले पावली खास निवासी एक व्यक्ति की मध्यस्थता में परीक्षित गढ़ क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी एक युवक को डीजे सेट किराये पर दिया था। तय हुआ था कि हर माह 3500 रुपये किराया दिया जाएगा, लेकिन आज तक कोई भुगतान नहीं किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने बकाया राशि मांगी तो खजूरी निवासी युवक ने कहा कि वह पैसे पावली खास निवासी मध्यस्थ को दे चुका है, जबकि मध्यस्थ का कहना है कि उसे कोई रकम नहीं मिली। कपिल का आरोप है कि अब रुपये मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज की जा रही है और मारपीट की धमकी दी जा रही है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-