मकान मालिक से बदला लेने के लिए की घर में चोरी
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। पुलिस ने सात माह पूर्व गांव गेसूपुर सुमाली से अशोक के घर हुई चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में चोरी में शामिल उसके नौकर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से चोरी हुआ लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर लिया है। आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जांच अधिकारी थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि सोमवार को सूचना पर गांव गेसूपुर सुमाली निवासी पीड़ित अशोक के नौकर शमशाद को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अशोक के यहां चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने शमशाद के बेटे सलमान और उसके साथी नसीम को गिरफ्तार किया।
शमशाद ने बताया कि उनका परिवार अशोक के यहां नौकरी करता था। इस दौरान उसके बेटे सलमान ने अशोक ने यहां कुछ पैसे चोरी कर लिए थे, जिसमें वह पकड़ा गया, जिसके बाद अशोक ने उसके परिवार के साथ गाली-गलौज कर नौकरी से निकाल कर भगा दिया। जिसके बाद उसने अशोक से बदला लेने का मन बना लिया। उसने अपने लड़के सलमान और एक अन्य साथी नसीम व हरमन के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। 30 जनवरी को कोठी में अलमारी से नकदी न मिलने पर तकिए के नीचे रखे लाइसेंसी रिवाल्वर चोरी कर ले गए। इस काम के उसने नसीम और हरमन को 10-10 हजार रुपये दिए तथा रिवाल्वर से चोरी के दौरान मिले पांच कारतूसों से शौकियाना हवाई फायर किए।
सीओ किठौर रामप्रकाश ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।