संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मोहल्ला कल्याण सिंह राजो वाला बाग निवासी मंगलामुखी छमिया उर्फ बिल्लो ने सीओ को एक शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने एक गिरोह पर अवैध कब्जा, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
छमिया ने बताया कि वह अपनी गुरु मुन्नी उर्फ मेहंदी से मिले क्षेत्र में बधाई मांगकर जीविकोपार्जन करती है। आरोप है कि दूसरे पक्ष की मंगलामुखी अपने साथियों के साथ उनके इलाके में अवैध उगाही कर रही है। आरोपी पक्ष उनसे हर माह एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। रंगदारी न देने पर जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। छमिया ने सीओ से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सीओ पंकज लवानिया ने दोनों पक्षों को बुलाकर जानकारी लेने और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।