- जेलर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जिला कारागार प्रशासन ने एक युवक पर जेल अधिकारियों को ब्लैकमेल करने और सोशल मीडिया के माध्यम से कारागार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। जेलर मनीष कुमार ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि आरोपी ने जिला कारागार का कई साल पुराना वीडियो वरिष्ठ जेल अधीक्षक का फोटो लगाकर यूट्यूब समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड किया है। मेडिकल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जिला कारागार के जेलर मनीष कुमार ने बताया कि 29 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर एक चैनल से वीडियो अपलोड किया गया। वीडियो में वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा का फोटो भी लगाया गया है। जेलर अनुसार, वीडियो कई वर्ष पुराना है और उनकी तैनाती से पहले का है। इसे मौजूदा परिस्थितियों से जोड़कर पेश करने की कोशिश की गई है।
जेलर ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को प्रशासन और मानवाधिकार आयोग का बड़ा अधिकारी बताकर जेल अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास करता है। मनमुताबिक मुलाकात नहीं कराने पर सोशल मीडिया पर जेल प्रशासन को बदनाम करने की धमकी देता है। आरोप है कि आरोपी ने पूर्व में भी जेल अधिकारियों से अनुचित मांगें कर अवैध धन वसूली का प्रयास किया गया था। जेलर ने गाजियाबाद के जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा और शाहजहांपुर के जेल अधीक्षक जेपी तिवारी के साथ भी इसी तरह की हरकत किए जाने का हवाला दिया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने जेलर और वरिष्ठ जेल अधीक्षक के मोबाइल पर भी वीडियो और फोटो भेजे थे। फोन रिसीव नहीं होने पर उन्हें व्हाट्सएप से डिलीट कर दिया था। आरोपी सुल्तानपुर, लखनऊ, जौनपुर, गाजियाबाद जेल में पूर्व में अलग-अलग मामलों में बंद हो चुका है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।