जीरो माइल पर शराब के नशे में दौड़ाई कार, आठ घायल
मेरठ। जीरो माइल के पास शनिवार शाम नशे की हालत में युवक ने फिल्मी स्टाइल में कार दौड़ा दी। इसी दौरान ऑटो का इंतजार कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। इसमें छह लोग घायल हो गए। वहीं, कार एक ऑटो से भी भिड़ गई। बाद में वहां मौजूद लोगों की भीड़ ने आरोपी कार चालक को पकड़ लिया और उसे पीटा। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेज दिया।
फलावदा थाना क्षेत्र के टांडी गांव निवासी प्रभात कुमार बेगमपुल पैठ में दुकान करता है। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह तेज रफ्तार कार दौड़ा रहा था। इस कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। इनमें एक ही परिवार की चार महिलाएं भी शामिल थीं। यही कार सड़क पर खड़े ऑटो से भी भिड़ गई।
यह हादसा देख लोगों की भीड़ जुट गई। कार चालक प्रभात को पकड़कर भीड़ ने पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी प्रभात को हिरासत में ले लिया। कार भी जब्त कर ली गई। लोगों का कहना था कि चालक नशे में था। घटना में घायल होने वालों में सरधना के पोहल्ली निवासी खुर्शिदा, शहनाज, सबिया, बुशारा, लालकुर्ती निवासी राजेश और सीमा के अलावा ऑटो चालक अरुण और नफीस शामिल हैं। पुलिस ने इन घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
--