मवाना रोड पर सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 12 यात्रियों से भरा ऑटो बीच सड़क पलट गया। हादसे में ऑटो सवार यात्री दब गए। एक साइकिल सवार भी चपेट में आ गया। घायलों की चीख पुकार सुन भगत लाइन गेट से पहुंचे सेना के जवानों ने घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। हादसे में सात लोग यात्री घायल हो गए।
इंचौली क्षेत्र के मैथना गांव से यात्री लेकर ऑटो चालक ललसाना गांव होते हुए बेगमपुल जा रहा था। उसमें 12 यात्री सवार थे। करीब 10:35 बजे मवाना रोड पर भगत लाइन के पास ई रिक्शा सवार ने साइकिल सवार को साइड मार दी। साइकिल सवार ऑटो से भिड़ा तो तेज रफ्तार ऑटो पलट गया। घटना के बाद घायल यात्रियों को छोड़कर ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। मवाना रोड पर एक साइड वाहनों की लाइन लग गई। शोर सुनकर भगत लाइन गेट पर तैनात सेना के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की मदद की। घायलों में ललसाना निवासी विजयपाल, मैथना निवासी महावीर, सरोज, मोनिस, राजू और दो अन्य घायल थे। बाद में लोगों ने सूचना पर सिविल लाइन पुलिस पहुंची। इंस्पेक्टर अब्दुर्रहमान सिद्दीकी ने बताया कि महावीर की हालत गंभीर है। ऑटो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
एंबुलेंस बुलाई और जाम खुलवाया
मौके पर सेना के जवानों ने ही घायलों के लिए एंबुलेंस बुलवाई। हादसे में महावीर, राजू, सरोज और विजयपाल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जबकि मामूली रूप से घायल खुद ही चले गए। हादसे के बाद लगे जाम को खुलवाने के लिए सेना की जिप्सी से आधा दर्जन जवान भी पहुंचे और काफी देर मशक्कत की। घायलों ने बताया कि ऑटो चालक ऑटो में मनमानी सवारी भरते हैं, जिसके कारण हादसे होते हैं।