सरधना में कार पर पलटा गन्ने से लदा ट्रक
सरधना।
गंगनहर पुल के पास कांवड़ मार्ग पर मंगलवार को गन्ने से लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ी आर्टिका कार पर पलट गया। इस दौरान कार में सवार सभी लोग पानी पीने के लिए कार से बाहर थे। ऐसे में बड़ा हादसा होते-होते बचा। घटना के बाद कांवड़ मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर थानाध्यक्ष फोर्स के साथ और घंटो मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
मुजफ्फरनगर निवासी गुलफाम पुत्र नसीम अपने भाई शमशाद व भतीजी शमशाना व अफसाना, चाचा इसरार के साथ आर्टिका कार से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहा था। सरधना गंगनहर पुल के पास मार्ग पर जाम लगा था। कार जाम में फंसी तो उसमें सवार लोग पानी पीने के लिए बाहर आ गए। चालक गुलफाम ने कार को सड़क किनारे लगा दिया। इसी बीच अटेरना गंगनहर पुल की तरफ से गन्ने से लदा ट्रक आ रहा था। वह आर्टिका के बराबर से होकर गुजरा तो बेकाबू होकर पलट गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। कांवड़ मार्ग पर गन्ने से लदे भारी वाहन और ओवरहाईट वाहनों का गुजरना प्रतिबंधित है। उसके बाद भी गन्ने से लदे ट्रक वहां से गुजर रहे हैं।