संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। मंडलीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन 21 व 22 अप्रैल को हापुड़ के सिंभावली में इंटर कॉलेज में हुआ। इसमें चौधरी राजपाल सिंह स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न भार वर्गों में पांच स्वर्ण पदक जीते।
अकादमी संचालक सतेंद्र फौजी ने बताया कि अंडर-14 वर्ग में भूमि ने 44 किलोग्राम, भक्ति ने 48 किलोग्राम और अभिजीत चौधरी ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। अंडर-19 वर्ग में वैभव सेन ने 73 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। सभी चार खिलाड़ी बीपी इंटर कॉलेज, भराला के विद्यार्थी हैं। वहीं, प्लस 55 किलोग्राम भार वर्ग में बाल विद्या अकैडमी, दौराला के छात्र अर्जुन ने स्वर्ण पदक जीता।
सतेंद्र ने बताया कि सभी खिलाड़ियों ने नौ से 12 सहारनपुर में होने वाली यूपी बोर्ड प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। खिलाड़ियों की सफलता पर अकादमी और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। इस दौरान बीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पवन, कृष्ण, एथलीट कोच मनीष सिवाच, सतीश सिवाच, वीरेंद्र, ज्ञानेंद्र, संजय, अनुज, कपिल कांत आदि मौजूद रहे।