मेरठ। मेरठ डिपो ने लखनऊ के लिए एसी जनरथ बस सेवा शुरू की है। यह बस सुबह 9:15 बजे सोहराबगेट डिपो से चलेगी और रात 9 बजे तक लखनऊ पहुंचाएगी। वहां से अगले दिन सुबह 6:30 बजे चलेगी और शाम 7 बजे तक मेरठ पहुंच जाएगी।
मेरठ से लखनऊ जाने के लिए लोग नौचंदी और राज्यरानी एक्सप्रेस का सहारा लेते हैं। इनमें टिकट नहीं मिलता तो हापुड़ से लखनऊ मेल के लिए कोशिश करते हैं। जब इसमें भी जगह नहीं मिलती, तो रोडवेज बस ही विकल्प रह जाता है। अभी तक सोहराबगेट डिपो से लखनऊ के लिए सामान्य रात्रि बस सेवा तो थी, एसी बस नहीं थी। लेकिन अब मेरठ डिपो से एसी बस प्रतिदिन सुबह 8 बजे चलकर सोहराबगेट बस अड्डे पहुंचेगी और वहां से 9:15 बजे लखनऊ के लिए चलेगी। यहां से मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर आदि जिलों से होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। मेरठ डिपो के स्टेशन प्रभारी देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि इस 490 किलोमीटर के सफर के लिए 677 रुपये किराया देना होगा। बस में आरामदायक सीट हैं। दो चालकों की व्यवस्था की गई है। आरएम मेरठ रीजन नीरज सक्सेना का कहना है कि मेरठ-लखनऊ रूट के लिए दो एसी जनरथ बस मिली हैं, जिनका संचालन सोहराबगेट अड्डे से शुरू करा दिया है।