अंसार फोरम फलाही ग्रुप की ओर से रविवार को मोहल्ला इस्लामाबाद स्थित फोरम कार्यालय से बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मकसद युवाओं से शब-ए-बरात पर आतिशबाजी और स्टंट न करने की अपील करना था। लेकिन स्वयं यातायात के नियमों का पालन नहीं किया गया। वाहन चलाने के दौरान फोरम के किसी भी सदस्य ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
फोरम के अध्यक्ष शफीक अहमद ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल सदस्य शहर वासियों से शब-ए-बरात पर आतिशबाजी न करने की अपील की। रैली इस्लामाबाद से शुरू होकर कांच का पुल, आशियाना कालोनी, ढबाई नगर, हापुड़ रोड से आजाद रोड, हापुड़ अड्डा, शाहपीर गेट, बुढ़ाना गेट, बच्चा पार्क होते हुए कमिश्नरी चौराहे पर पहुंची। इस दौरान फोरम के नायाब आलम ने कहा कि आतिशबाजी का इस्लाम में कोई स्थान नहीं है। अपील की कि शब-ए-बरात पर कोई भी युवक बाइक या अन्य वाहन से स्टंट न करे। इससे जान का खतरा है। जबकि आतिशबाजी से पर्यावरण दूषित होता है। रैली में मतीन अंसारी, साजिद, दिलशाद, हाजी नफीस, तनसीर अहमद, शाकिर आदि मौजूद रहे।