Meerut Murder Case: मेरठ में हुए आस्था हत्याकांड में परतापुर पुलिस अब कटे सिर की तलाश गंगनहर में कर रही है। वहीं पुलिस को चकमा देकर फरार हुए वांछित गौरव की तलाश में भी ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।
Meerut News: आस्था हत्याकांड में परतापुर पुलिस उसके कटे सिर की तलाश में जुटी है। चार दिन बाद भी कोई सफलता नहीं मिल सकी। सिर की तलाश के लिए पुलिस ने मुरादनगर और मसूरी में दो जगह गंगनहर में जाल लगाए हैं। पुलिस ने पीएसी के जवानों के साथ स्टीमर से तलाश की।
उधर, हत्याकांड में वांछित मृतका का मौसेरा भाई गौरव भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। वह गाजियाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस उसकी कंपनी तक पहुंची, मगर उसे पहचान नहीं सकी। वह पुलिस को देखकर चुपचाप चकमा देकर भाग गया। पुलिस उसके गढ़ मुक्तेश्वर के गांव भटपुरा भी पहुंची तो परिजन भी घर में ताला लगाकर गायब मिले।
परतापुर पुलिस अभी तक दादरी निवासी छात्रा आस्था की मां राकेश देवी, महरौली परतापुर निवासी मामा कमल सिंह, समर सिंह, ममेरे भाई मंजीत उर्फ मोनू को जेल भेज चुकी है। एक नाबालिग भी बाल सुधारगृह भेजा गया है।
हत्या के बाद गर्दन काट कर जानी गंगनहर में सिर और बहादरपुर रजबहे में धड़ फेंका गया था। लाश की ठिकाने लगाने में छात्रा का मौसेरा भाई गौरव गुर्जर भी शामिल था। उसकी तलाश में किठौर, गाजियाबाद, गढ़ मुक्तेश्वर में दबिश दी जा रही है। एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल मौसेरे भाई गौरव की पुलिस तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
डिजिटल साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस, मोबाइलों की सीडीआर निकाली
पुलिस डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने में लगी है। इसमें सर्विलांस और फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। आरोपियों के बयानों की वीडियोग्राफी कराई गई है। छात्रा, उसकी मां, पिता समेत सभी आरोपियों की मोबाइल फोन की सीडीआर भी पुलिस ने निकलवाई है।
आस्था के शव और उसकी मां की डीएनए जांच भी पुलिस कराएगी, ताकि कटा हुआ सिर नहीं मिलने पर डीएनए जांच से पुष्टि हो जाए कि शव आस्था का ही था। हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतका के शव को सौंपते हुए उसके ताऊ, चचेरे भाई आदि से भी लिखित में लिया है कि शव आस्था का ही है। इसकी वीडियो भी बनाई है। वैसे पुलिस ने मुख्य गवाह आस्था के दोस्त को बनाया है।
बता दें कि परतापुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को गांव बहादरपुर के रजबहे में छात्रा की चादर में लिपटी सिर कटी लाश मिली थी। मृतका के सूट-सलवार की जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर मृतका की पहचान दौराला थाना क्षेत्र के गांव दादरी निवासी रमेश की बेटी आस्था उर्फ तनिष्का (17) के रूप में हुई। आस्था इंटर की छात्रा थी। जेब से मिला मोबाइल नंबर नंगली साहिब निवासी उसके नाबालिग दोस्त का था। दोस्त ने ही मौके पर पहुंच कर आस्था की पहचान की थी।